दिव्यांग शिक्षकों को पदोन्नति में प्राथमिकता और 3% क्षैतिज आरक्षण देने की मांग

Must Read

कोरबा। सहायक शिक्षक से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया के बीच छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी/कर्मचारी संघ, जिला कोरबा ने दिव्यांग शिक्षकों के हितों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने पदोन्नति काउंसलिंग में दिव्यांग शिक्षकों को प्राथमिकता देने तथा शासन के प्रचलित निर्देशों के अनुसार 3 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।


संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश खाकसे द्वारा 20 अगस्त 2026 को प्रस्तुत ज्ञापन में बताया गया कि कोरबा जिले की विभिन्न प्राथमिक शालाओं में कार्यरत कई दिव्यांग सहायक शिक्षकों ने अपनी दिव्यांगता दर्ज कराने के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के साथ पूर्व में आवेदन किया था। इसके बावजूद अनेक शिक्षकों की दिव्यांगता अभी तक सेवा पुस्तिका में दर्ज नहीं हो पाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में सहायक शिक्षक से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में जिन शिक्षकों के पास वैध दिव्यांगता प्रमाण-पत्र उपलब्ध है, उन्हें केवल सेवा पुस्तिका में दिव्यांगता दर्ज नहीं होने के कारण पदोन्नति अथवा काउंसलिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी या वंचितता का सामना न करना पड़े।
संघ ने मांग की है कि वैध दिव्यांगता प्रमाण-पत्र को मान्य करते हुए दिव्यांग शिक्षकों को काउंसलिंग में प्रथम क्रम में प्राथमिकता प्रदान की जाए तथा पदस्थापना का अवसर दिया जाए। साथ ही वरिष्ठता सूची में दिव्यांगता का कॉलम दर्ज करने और दिव्यांग शिक्षकों के लिए निर्धारित 3 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के साथ गरिमा चौहान, हेम कुमार भौम, रजनी सिंह तंवर और दुखमत बिझंवार के नाम एवं संबंधित सरल क्रमांक भी संलग्न किए गए हैं।
संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से दिव्यांग शिक्षकों के हितों की रक्षा करते हुए पदोन्नति एवं काउंसलिंग प्रक्रिया में नियमानुसार प्राथमिकता और आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर, कलेक्टर कोरबा तथा संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर को भी सूचनाार्थ भेजी गई है।

- Advertisement -
Latest News

कोरबा पुलिस का साइबर जागृति अभियान: 3000 छात्रों को किया जागरूक, UPI और बैंक फ्रॉड से बचने के बताए उपाय… देखें वीडियो

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं। तत्काल साइबर...

More Articles Like This