वृंदावन, 21 अगस्त। Vrindavan Mall Accident : उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित रुक्मणि विहार में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ओमेक्स के निर्माणाधीन ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ में दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग और निर्माण सामग्री भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चौथा मजदूर गंभीर रूप से घायल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
ढलाई के दौरान अचानक भरभराकर गिरी शटरिंग
जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मॉल की दूसरी मंजिल पर देर रात छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग और ढलाई में इस्तेमाल हो रही सामग्री का बड़ा हिस्सा नीचे गिर पड़ा। अचानक हुए हादसे से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे की चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।
तीन मजदूरों की मौत, चौथे की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार हादसे में पश्चिम बंगाल निवासी आलम, रिफ्यूल और नेपाल निवासी शिवराम की मौत हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रशासन और बचाव टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया था।
हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही मृतक मजदूरों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवारों ने हादसे में मृत मजदूरों के आश्रितों के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम कैसे थे और शटरिंग गिरने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्माणाधीन इमारत में ढलाई के दौरान शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की जान जाने के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब प्रशासन की जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खामी, निर्माण में लापरवाही या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण हुआ।
















