बहू और उसके माता-पिता गिरफ्तार, तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहू और उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मर्ग जांच के दौरान सामने आए सुसाइड नोट, आत्महत्या से पूर्व भेजे गए वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना के बाद थाना कोतवाली में मर्ग क्रमांक 66/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल की जांच के दौरान दीवार पर मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला, जिसमें बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा परेशान किए जाने का उल्लेख था। जांच में दीवार पर लिखा लेख मृतिका का ही होना पाया गया।

बहनों को भेजा था वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि मृतिका ने आत्महत्या से पहले अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। पुलिस ने वीडियो को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया। इसके अलावा मृतिका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
घर से निकालने को लेकर विवाद का आरोप
पुलिस जांच और परिजनों के बयानों में पारिवारिक विवाद और कथित प्रताड़ना की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा मृतिका को घर से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाए जाने की बात जांच में सामने आई है। परिजनों के अनुसार, इन परिस्थितियों से मृतिका काफी परेशान रहती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि मृतिका ने पूर्व में भी कथित रूप से परेशान होकर अपनी जान देने का प्रयास किया था।
धारा 108, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज
सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के कथनों समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 724/2026, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में—
पूर्णिमा महंत, पति संजय दास, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा
सुमेरन बाई, पति मिलनदास महंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा
मिलन दास, पिता सोनदास, उम्र 55 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा
को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा

















