कवर्धा। वन मंडल कवर्धा के ग्राम सिंघनपुरी में गुरुवार सुबह खेतों के बीच मार्ग के पास तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।
वन मंडल अधिकारी निखिल अग्रवाल के मार्गदर्शन में वन विभाग और पुलिस की टीम ने कई घंटे की सतर्कता के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी की। तेंदुए को पकड़ने के लिए रायपुर से विशेषज्ञों एवं वन्यप्राणी चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया।
विशेषज्ञ टीम द्वारा मौके का आकलन करने के बाद दोपहर 1:42 बजे ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से तेंदुए को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की उम्र करीब 8 वर्ष बताई गई है।
वन्यप्राणी चिकित्सकों ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार किया। इसके बाद उसे निगरानी एवं आगामी उपचार के लिए भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य ले जाया गया है। स्वस्थ पाए जाने पर उसे नियमानुसार उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
वन विभाग ने ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए अपील की है कि वन्यप्राणी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं, भीड़ न लगाएं और तत्काल वन विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें।

















