रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम बुधवार, 29 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे घोषित किए जाएंगे। इसकी औपचारिक घोषणा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की है।
मंत्री यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि परिणाम केवल अंकों की घोषणा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ परिणाम स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
इस वर्ष हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा में 3,20,535 और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में 2,45,785 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। परीक्षाएं 20-21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी पेपर लीक मामले के चलते 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसके कारण परिणाम जारी करने में देरी हुई।
पिछले वर्ष 7 मई 2025 को घोषित परिणामों में कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% और कक्षा 12वीं का 82.25% रहा था। इस बार भी बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।
अब विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजरें आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे लंबे इंतजार का अंत हो सके।















