कोरबा, 11 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के बीच कोरबा कलेक्ट्रेट परिसर में रजगामार के ‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाया गया स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। तिरंगे की थीम पर सजाए गए स्टॉल में महिलाओं द्वारा तैयार कॉफी मग, टी-शर्ट, मैजिक मिरर, मैजिक मग सहित विभिन्न आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत स्वयं स्टॉल पर पहुंचे। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने महिलाओं की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और स्टॉल से उत्पादों की खरीदारी भी की। कलेक्टर के इस प्रोत्साहन से महिलाओं में खासा उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
‘जय माता दी’ स्व-सहायता समूह से रजगामार की कीर्ति प्रजापति सहित 13 महिलाएं जुड़ी हैं। वर्ष 2019 से समूह के माध्यम से महिलाएं विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर अपने हुनर को आजीविका का साधन बना रही हैं। महिलाएं अपने कौशल और रचनात्मकता से आकर्षक उत्पाद तैयार कर उन्हें विभिन्न अवसरों पर स्टॉल के माध्यम से लोगों तक पहुंचाती हैं।
स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए इस बार समूह ने स्टॉल को विशेष रूप से देशभक्ति की थीम पर सजाया है। तिरंगे के रंगों में तैयार उत्पादों में स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। स्टॉल पर आने वाले लोग इन उत्पादों में खास रुचि दिखा रहे हैं।
समूह की महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें अपने हुनर को निखारने और नई चीजें सीखने का अवसर मिला है। महिलाएं आपसी सहयोग से उत्पाद तैयार करने, उनकी गुणवत्ता बेहतर करने और बाजार तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में स्टॉल लगाने से उन्हें अपने उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा स्टॉल पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद करने और उत्पादों की खरीदारी करने की पहल से महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों को प्रोत्साहन मिला है। इससे महिलाओं को अपने हुनर को बाजार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरणा मिल रही है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगाया गया ‘जय माता दी’ समूह का यह स्टॉल देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की मिसाल पेश कर रहा है। तिरंगे की थीम पर तैयार उत्पादों में आजादी के उत्सव की झलक के साथ महिलाओं की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प भी नजर आ रहा है।















