कोरबा | JB News
थाना उरगा क्षेत्र में घटित सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तंत्र-मंत्र के माध्यम से 5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का झांसा देकर तीन लोगों की नृशंस हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तांत्रिक समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री भूषण एक्का और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री श्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में गठित विशेष जांच टीम ने मामले की गहन जांच की।
फार्म हाउस में संदिग्ध मौतों से उठा था पर्दा
दिनांक 11 दिसंबर 2025 को थाना उरगा अंतर्गत ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में तीन व्यक्तियों की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पंचनामा, साक्ष्य संकलन और गवाहों से पूछताछ शुरू की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास ने तंत्र-मंत्र के बहाने मृतकों—नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू—को फार्म हाउस बुलाया था।
तंत्र-मंत्र के बहाने रची गई हत्या की साजिश
10 दिसंबर की रात तांत्रिक आशीष दास नायलॉन रस्सी, नींबू, नारियल, अगरबत्ती सहित तंत्र-मंत्र सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा। उसने सह-आरोपियों को कमरे के बाहर रस्सी पकड़कर खड़े रहने को कहा और एक-एक कर मृतकों को कमरे के भीतर बुलाया।
पहले नितेश रात्रे, फिर असरफ मेमन और अंत में सुरेश साहू को नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
घटना के बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण Asphyxia due to ligature strangulation (नायलॉन रस्सी से गला घोंटना) और प्रकृति Homicidal (हत्या) पाई गई।
6 आरोपी गिरफ्तार, सामान जब्त
थाना उरगा में अपराध क्रमांक 544/2025 धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और नगद 5 लाख रुपये सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आशीष दास (24), निवासी कमेल बिहार, बिलासपुर
- राजेन्द्र जोगी (75), निवासी जरहाभांठा, बिलासपुर
- केशव सूर्यवंशी (55), निवासी घुरू, सकरी, बिलासपुर
- अश्वनी कुर्रे (42), निवासी अमेरि, थाना सकरी, बिलासपुर
- संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू (46), निवासी मोदर, थाना सीपत, बिलासपुर
- भागवत प्रसाद (48), निवासी मुकाम मुड़ापार बाजार, मूल निवासी जांजगीर-चांपा
पुलिस के अनुसार प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
JB News Korba, Chhattisgarh
रिपोर्ट: मनीष जायसवाल















