फर्जी लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला कर्मचारी गिरफ्तार

Must Read


कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 643/2026 के तहत मामले की जांच के दौरान सामने आया कि अभिवृद्धि फाइनेंशियल सर्विसेस, टीपी नगर, कोरबा के माध्यम से लोगों को कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बदले प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से रकम बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। राशि लेने के बाद न तो लोन उपलब्ध कराया गया और न ही पैसा लौटाया गया, जिससे कई लोग ठगी का शिकार हुए।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों का गहन परीक्षण कर पर्याप्त सबूत जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर प्रियंका कलसे (22 वर्ष), निवासी प्रताप नगर, थाना दर्री, जिला कोरबा को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही बैंक खातों में हुए लेन-देन, डिजिटल उपकरणों और ठगी की रकम के प्रवाह का तकनीकी विश्लेषण कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति द्वारा लोन दिलाने के नाम पर अग्रिम राशि, प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क जमा करने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की ऑनलाइन या वित्तीय ठगी से बचा जा सके।

- Advertisement -
Latest News

देर रात गुंडों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंची कोरबा पुलिस, दी कड़ी चेतावनी

कोरबा :-  पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने...

More Articles Like This