कोरबा जिले में आज देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मुख्य समारोह में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल ने सुबह 8 बजकर 59 मिनट पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान हुआ और पूरा समारोह स्थल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा में आयोजित मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। निर्धारित समय पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।


स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय रूप से संपन्न हुआ।
















